May 16, 2024

पर्वत वाणी

न्यूज़ पोर्टल

नहीं रहे मशहूर गायक पंकज उधास, 72 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर गायक पंकज उधास का निधन हो गया है। सिंगर ने 72 साल की उम्र में आखिरी सांसें ली हैं। बताया जा रहा है कि वो लंब समय से बीमारी से जूझ रहे थे। सिंगर की बेटी नायाब ने उनके निधन की जानकारी दी है। उनका परिवार मुश्किल भरे दौर से गुजर रहा है। पंकज उधास का जन्म 17 मई 1951 को हुआ। वो एक गजल गायक के रूप में उभरे। भारतीय संगीत इंडस्ट्री में उनकी तुलना तलत अजीज़ और जगजीत सिंह जैसे अन्य संगीतकारों से होती थी।

परिवार का स्टेटमेंट

पंकज उधास की बेटी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट जारी कर परिवार का स्टेटमेंट जारी किया है। इस पोस्ट में कहा गया, ‘अत्यंत दुख के साथ हम आपको बता रहे हैं कि पद्मश्री पंकज उधास का 26 फरवरी 2024 को निधन हो गया है। वे लंबे वक्त से बीमार थे।’ बताया जा रहा है कि सुबह 11 बजे उनकी मुंबई के एक अस्पताल में मौत हुई थी। पंकज उधास का पार्थिव शरीर अभी ब्रीच कैंडी अस्पातल में ही है। भाइयों का इंतजार किया जा रहा है। कल अंतिम संस्कार किया जाएगा।

साल 2006 में मिला था पद्मश्री

उधास को फिल्म ‘नाम’ में गायकी से प्रसिद्धि मिली, जिसमें उनका एक गीत ‘चिठ्ठी आई है’ काफी लोकप्रिय हुआ था। उसके बाद से उन्होंने कई फिल्मों के लिए अपनी सदाबहार आवाज दी। इसके अलावा उन्होंने कई एल्बम भी रिकॉर्ड किये और एक कुशल गजल गायक के रूप में पूरी दुनिया में अपनी कला का प्रदर्शन किया। साल 2006 में पंकज उधास को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

राजकोट में हुआ था पंकज उधास का जन्म

पंकज उधास का जन्म गुजरात में राजकोट के पास चारखड़ी-जैतपुर में एक जमींदार चारण परिवार में हुआ था। वे तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पंकज के पिता का नाम केशूभाई उधास था। पंकज के बड़े भाई भी सिंगर थे। मनहार उधास बॉलीवुड में हिंदी पार्श्व गायक थे। उन्होंने पंकज से पहले ही बॉलीवुड में अलग पहचान बना ली थी। उनके दूसरे बड़े भाई निर्मल उधास भी एक प्रसिद्ध गजल गायक हैं। सबसे पहले निर्मल ने ही गायकी की दुनिया में कदम रखा।

news