डेंगू से बचाव के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है : वंशिका सोनकर

देहरादून। युवा भाजपा नेत्री, प्रसिद्ध समाजसेवी एवं वार्ड संख्या 18, इंदिरा कॉलोनी की नगर निगम पार्षद वंशिका सोनकर ने डेंगू के बढ़ते हुए खतरे को लेकर सभी लोगों से सावधानी बरतने का अनुरोध किया है। पार्षद वंशिका सोनकर ने कहा कि बरसात के दिनों में देहरादून में डेंगू के बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। डेंगू के डंक को रोकने के लिए राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम की टीमें अपने स्तर से प्रयास कर रही हैं लेकिन हमें भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए डेंगू के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है।

पार्षद वंशिका सोनकर ने कहा, आंकड़ों के अनुसार देहरादून में इस वर्ष मानसून के दौरान अब तक डेंगू के कुल 91 मामले सामने आए हैं, जिनमें 44 स्थानीय और 47 मरीज बाहर के हैं। वहीं इंदिरा कॉलोनी वार्ड में डेंगू के खतरे को बढ़ने से रोकने के लिए पार्षद वंशिका सोनकर अपने स्तर से सभी संभव प्रयास करने में जुटी हुई हैं। डेंगू पर नियंत्रण के लिए उन्होंने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की सहायता से अपने वार्ड में संवेदनशील हॉटस्पॉट और प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव करवाया। वे स्वयं क्षेत्र में जाकर लार्वा नष्ट करवा रही हैं और डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जागरूक भी कर रही हैं।

पार्षद वंशिका सोनकर ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए हमें उसे पनपने से रोकना होगा। इसके लिए अपने आसपास पानी न ठहरने दें। कूलर, गमले, खाली टायरों या बाल्टी आदि में पानी इकट्ठा न होने दें। वहीं शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े (फुल-स्लीव) पहनें। मच्छर भगाने वाली क्रीम मॉस्किटो रिपेलेंट का उपयोग करें। बुखार या शरीर में तेज दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से मिलें और डॉक्टर की सलाह लें, खुद दवा न लें। इस प्रकार की छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर काफी हद तक डेंगू के आतंक से बचाव किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *