बीजेपी के राज में बुरी तरह से त्रस्त है प्रदेश की जनता : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, राज्य आन्दोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालातों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रदेश के दो प्रमुख सियासी दलों भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने इन दलों की जमकर आलोचना की।

भावना पांडे ने कहा, पृथक उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से अब तक भाजपा और कांग्रेस ने ही प्रदेश में राज किया है। राज्य की जनता ने इन दोनों दलों को बारी-बारी सत्ता की चाबी सौंपी किन्तु इन दोनों ही दलों ने प्रदेश के हित में कुछ खास कार्य नहीं किया। उत्तराखंड की जनता पहले भी दुखी थी और आज भी हालात कुछ खास बदले नहीं हैं।

भावना पांडे ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, बीजेपी के राज में प्रदेश की जनता बुरी तरह से त्रस्त है। झूठे वादे करके भाजपा ने दोबारा प्रदेश की सत्ता हासिल की, किन्तु जनता का कुछ भला नहीं किया। परिणामस्वरूप आज जनता के बीच भाजपा की लोकप्रियता गिरती जा रही है। अब जनता का बीजेपी से मोह भंग हो चुका है। जनता अब प्रदेश में परिवर्तन चाहती है।

वहीं प्रदेश की कांग्रेस पार्टी का जिक्र करते हुए भावना पांडे ने कहा, उत्तराखंड कांग्रेस में एकजुटता की कमी है। कांग्रेस के नेताओं के बीच गुटबाजी हावी है, पार्टी के सभी बड़े नेता मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में शामिल हैं किन्तु पार्टी को एकजुट करने एवं भारी मतों से पार्टी को विजयी बनाने के लिए कोई नेता कार्य नहीं कर रहा है। इसी का फायदा भाजपा को मिल रहा है। प्रदेश की जनता को आज एक मजबूत नेतृत्व की तलाश है, कांग्रेस नेताओं को पहले अपने भीतर अनुशासन लाना होगा, तभी वे ‘मिशन 2027’ में बेहतर प्रदर्शन कर पायेंगे।

भावना पांडे ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों का जिक्र करते कहा कि उन्होंने ‘मिशन 2027’ को लेकर पूरी तरह से कमर कस ली है, किन्तु सही समय आने पर ही वे अपने पत्ते खोलेंगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे अपने निजि कार्यों में व्यस्त हैं लेकिन जल्द ही वे जनता के बीच जाकर अपनी चुनावी तैयारियों का आगाज करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *