प्रदेश को बचाने के लिए कमर कस चुकी हैं उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने प्रदेश के मौजूदा हालातों पर अफ़सोस जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में इस प्रदेश की बुरी हालत कर दी है। वहीं कमजोर विपक्ष होने की वजह से सत्ताधारी भाजपा के हौसले और भी बुलन्द है। उन्होंने कहा कि इस राज्य को बचाने के लिए आज तीसरे विकल्प की आवश्यकता है और वे एक मजबूत तीसरा विकल्प प्रदेश में खड़ा करने के प्रयास करेंगी।

भावना पांडे ने कहा कि उत्तराखंड की दुर्दशा को देखते हुए, इस राज्य को बचाने के लिए उन्होंने वर्ष 2021 में ‘जनता कैबिनेट पार्टी’ के नाम से एक राजनीतिक दल का गठन किया था और 2022 के विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर चुनाव लड़ने के लिए अपनी पार्टी के प्रत्याशी भी तैयार किये थे किंतु भाजपा ने उनके मजबूत प्रत्याशियों को बरगलाकर रातों-रात अपने खेमे में कर लिया और उन्हें चुनाव का टिकट दे दिया। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव से पूर्व उनकी पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

भावना पांडे ने अपनी योजनाओं का खुलासा करते हुए कहा कि वे एक बार फिर से अपने सियासी दल ‘जनता कैबिनेट पार्टी’ को मजबूती के साथ खड़ा करने जा रही हैं। प्रदेश में होने जा रहे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज़ करते हुए उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति सच्चे मन से, खुलकर देवभूमि की सेवा करना चाहता है, वो उनसे सम्पर्क कर उनकी पार्टी से जुड़ सकता है। उन्होंने राज्य के अन्य क्षेत्रीय दलों से भी एकजुट होने एवं प्रदेश में एक मजबूत तीसरे राजनीतिक विकल्प का निर्माण करने का आह्वान किया।

भावना पांडे ने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकाल में जहाँ प्रदेश की जनता को छला है, तो वहीं कांग्रेस के पास सरकार के विरुद्ध मजबूती से आवाज़ उठाने के लिए एकजुटता व दमदार मुद्दे नहीं है। कांग्रेस पार्टी आज क़ई गुटों में बंटी हुई है। कांग्रेस नेताओं में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकटों की मारामारी मची हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल एक समान हैं। इनके नेता प्रदेश का नहीं, सिर्फ अपना विकास करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता को राहत पहुंचाने और इस प्रदेश को बचाने के लिए वे एक बार फिर से कमर कस चुकी हैं और जल्द ही वे अपनी योजनाओं व पार्टी के एजेंडे को लेकर जनता के बीच जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *