उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने बयां की आम जनता की पीड़ा, कही ये बात

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रदेश के मौजूदा हालातों पर अफसोस जताया। उन्होंने उत्तराखंड की आम जनता की पीड़ा बयां करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता आज बेहद दुःखी है। सत्ताधारी भाजपा के कार्यकाल में इस प्रदेश की दुर्दशा हुई है। भाजपा के मंत्री व नेता प्रदेश का नहीं बल्कि अपना विकास करने में व्यस्त हैं।

राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि हमने बड़े ही संघर्ष और अनेक कुर्बानियों के बाद ये राज्य लिया है किंतु आज इस प्रदेश की बुरी हालत हो चुकी है। राज्य की इस हालत के लिए भाजपा ही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा, आज प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं सरकार बेपरवाह होकर तमाशा देख रही है।

भावना पांडे ने कहा, उत्तराखंड में आज महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है, बहन-बेटियां आज खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वहीं, प्रदेश में हावी माफिया राज, अवैध खनन, अवैध शराब और नशे की तस्करी ने प्रदेश का माहौल बुरी तरह से बिगाड़ दिया है। प्रदेश की जनता आज घुटन महसूस कर रही है। बेरोजगार युवा, महिलाएं और अनेक संगठन अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर आंदोलन करने को विवश हैं। वहीं सरकार अपनी खोखली उपलब्धियां गिनवाते नहीं थक रही है।

भावना पांडे ने कहा, प्रदेश की जनता आज बढ़ती हुई महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, भ्रष्टाचार, अनाचार, निरंतर बढ़ता पलायन, असंतुलित विकास और कानून-व्यवस्था की ध्वस्त होती हुई स्थिति जैसे ज्वलंत विषयों पर सरकार से जवाब चाहती है। वहीं भाजपा नफरत की राजनीति करने में लगी है और धर्म के नाम पर लोगों को बाँटकर असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता सब कुछ देख व समझ रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब भाजपा को देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *