देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने उत्तराखंड की ‘डर्टी पॉलिटिक्स’ और प्रदेश के राजनेताओं की जुबानी जंग से गिरते राजनीतिक स्तर पर रोष जताया है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए बेहद शर्मनाक बताया है।
भावना पांडे ने कहा, भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच आजकल सोशल मीडिया में जुबानी जंग छिड़ी हुई है। ये राजनेता एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाने और अपनेआप को श्रेष्ठ बताने के लिए राजनीतिक मर्यादाओं की सारी सीमाएं लांघ रहे हैं। वाकई ये बेहद निंदनीय है। राजनेताओं के अमर्यादित बयानों ने देवभूमि की गरिमा को शर्मसार किया है।
भावना पांडे ने कहा, उत्तराखंड की डर्टी पॉलिटिक्स आज चरित्र हनन तक पहुंच चुकी है। सियासी ज़ुबानी जंग में कूदे भाजपा व कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने राजनीति के स्तर को गिराने के साथ ही देवभूमि को भी अपमानित किया है। देवभूमि उत्तराखंड विश्वभर में अपनी संस्कृति व शांति के लिए विख्यात है। दुनियाभर से लोग यहाँ चारधामों के दर्शनों एवं आध्यात्म हेतु आते हैं। वहीं इस राज्य में ऐसी ‘डर्टी पॉलिटिक्स’ का होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
भावना पांडे ने कहा, उत्तराखंड में 2027 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव का वक्त नजदीक आ रहा है। ऐसे में राजनेताओं के बीच जुबानी जंग का सिलसिला भी तेज हो चुका है, इसी बीच डर्टी पॉलिटिक्स के बयानों ने देवभूमि को शर्मसार किया है। उत्तराखंड में यदि विद्वेष की राजनीति आगे बढ़ेगी तो यह राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण होगा।