देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने प्रदेश की बिगड़ती हालत और ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था को लेकर रोष प्रकट किया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा की धामी सरकार के कार्यकाल में ये क्या हो रहा है?
भावना पांडे ने कहा कि भाजपा के राज में आम जनता बुरी तरह से त्रस्त है, अधिकारी सरकार की नहीं सुनते और मनमानी करते हैं। वहीं सत्ताधारी दल के विधायक को अपने कार्य करवाने के लिए कानून हाथ में लेकर अधिकारी संग मारपीट करनी पड़ती है। अब सवाल ये उठता है कि जब अधिकारी सत्ताधारी पार्टी के विधायक की ही नहीं सुन रहे हैं तो फिर भला ये विपक्ष के लोगों और आम जनता के काम क्या करेंगे? क्या अब ऐसा समय आ गया है कि जनता को सरकारी दफ्तरों में अपने काम करवाने के लिए कानून हाथ में लेना पड़ेगा?
भावना पांडे ने कहा कि भाजपा के राज में ये काफी बुरी व भयंकर स्थिति इस प्रदेश की हो चुकी है। उत्तराखंड में अधिकारी आज काम करने को तैयार नहीं हैं। प्रदेश में अफसरशाही और भ्रष्टाचार हावी है। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और लापरवाही की वजह से अधिकारी बेलगाम हैं और जनता को तकलीफें झेलनी पड़ रही हैं।हालात ये हैं कि भाजपा के ही क़ई विधायक असन्तोष के चलते पार्टी बदलने का मन बना चुके हैं।
भावना पांडे ने कहा कि भाजपा को आम जनता की कोई परवाह नहीं है। बीजेपी सरकार जनता की तकलीफों को दूर करने की बजाय धर्म की राजनीति करने में व्यस्त है। आज प्रदेश में तेजी से अपराध बढ़ रहा है, कानून व्यवस्था चरमराई हुई है, खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। वहीं अवैध शराब, अवैध खनन और माफिया राज बढ़ रहा है। ऐसे माहौल में भला आम जनता सुकून से कैसे जी पाएगी? इसलिए प्रदेश की जागरूक जनता इस सरकार को बदलने का मन बना चुकी है। 2027 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता बीजेपी को अलविदा कहने जा रही है।