पूरी तरह से चरमरा गई है प्रदेश की कानून व्यवस्था : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने देवभूमि की ऐसी दुर्दशा पर अफसोस जताया।

वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने कहा सत्ताधारी भाजपा के राज में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हालात ये हैं कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग कानून हाथ में लेने से भी नहीं घबरा रहे हैं। प्रदेश में आज अराजकता का माहौल देखने को मिल रहा है। इस तरीके की घटनाओं में जो लोग कानून अपने हाथ में ले रहे हैं, दुर्भाग्य से ऐसे कईं लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें अपनी सरकार पर ही भरोसा नहीं है। यदि उन्हें विश्वास है तो सरकार के पास अपनी शिकायत लेकर जाएं।

उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने कहा कि ये राज्य और ये देश अराजकता से नहीं संविधान से चलना चाहिए। यदि कहीं गलत हो रहा है तो उसके लिए कानून है, कानून के मुताबिक न्याय होना चाहिए। जिस तरीके से कुछ हुड़दंगिये आज समाज का संचालन कर रहे हैं, यह एक खतरनाक प्रवृत्ति है, इसके खिलाफ कई लोग आवाज भी उठा रहे हैं किंतु सरकार अभी भी मौन है।

समाजसेवी भावना पांडे ने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपस में प्रेम व भाईचारे के साथ मिलजुलकर रहें। देवभूमि उत्तराखंड एक शांतिप्रिय प्रदेश है, कृपया यहां अशांति ना फैलाएं। आपसी प्रेम और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाये रखें। जो लोग धर्म के नाम पर आपको बांटने का कार्य कर रहे हैं ऐसे लोगों के बहकावे में ना आएं। उन्होंने सरकार व पुलिस प्रशासन से भी माँग करते हुए कहा कि प्रदेश का माहौल खराब करने वाले असमाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *