जनता का ध्यान भटकाने के लिए धर्म की राजनीति कर रही भाजपा : भावना पांडे

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड का माहौल बेहद खराब हो चुका है, अपनी शांत वादियों के लिए मशहूर प्रदेश में आज अपराधों का शोर गूंज रहा है। पृथक उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से आज तक ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी, वो बुरी हालत इस प्रदेश की आज हो चुकी है। ये कहना है उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे का।

भावना पांडे ने उत्तराखंड के मौजूदा हालातों पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और राज्य की दुर्दशा के लिए भाजपा सरकार ही पूरी तरह जिम्मेदार है। आज तेजी से यहाँ अपराध बढ़ रहे हैं, दिनदहाड़े बेटियों की हत्याएं हो रही हैं और भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है।

भावना पांडे ने कहा, ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जहां महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा हमारे राज्य का प्रमुख एजेंडा होना चाहिए वहां बीजेपी सरकार धर्म के नाम पर लोगों की भावनाओं से खेल रही है। प्रदेश के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अभी तक पूर्ण न्याय नहीं मिला। इस मामले में अभी वीआईपी के नाम का खुलासा होना बाकी है। वहीं देहरादून जिले में लगातार हुई तीन युवतियों की हत्याओं ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है।

भावना पांडे ने कहा, महिलाओं की सुरक्षा के बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार के राज में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। बीजेपी सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है। महिला अपराध के मामले में आज उत्तराखंड यूपी, दिल्ली और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों को पीछे छोड़कर पहले नम्बर पर आ चुका है, ये देवभूमि पर बड़ा दाग है। बड़े ही अफ़सोस की बात है कि प्रदेश के ऐसे हालात होने के बावजूद भी मुख्यमंत्री अपनी उपलब्धियां गिनवाने से नहीं चूक रहे हैं।

भावना पांडे ने सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि आखिर आप किसे मूर्ख बना रहे हो? जनता आज आपसे बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पलायन, शिक्षा और विकास जैसे तमाम मुद्दों पर सवाल पूछ रही है और आप धर्म के नाम पर सियासत करके अपनी जवाबदेही से बच रहे हो। भावना पांडे ने कहा, बीजेपी का ये खेल अब और नहीं चलेगा। जनता भाजपा का असली चेहरा व चरित्र पहचान चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में वो बीजेपी को इसका जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *