महान समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने महान समाज सुधारक, शिक्षाविद् और कवयित्री सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए सादर नमन किया।

इस अवसर पर जारी अपने संदेश में जनसेवी भावना पांडे ने कहा- देश की पहली महिला शिक्षिका, महान समाज सुधारक और कवयित्री सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं शत-शत नमन। उनके द्वारा किये गये जनहित के कार्यों एवं समाज सुधार की दिशा में किये गये प्रयासों को युगों-युगों तक याद किया जाएगा।

भावना पांडे ने कहा- भारत के इतिहास में 10 मार्च एक महत्वपूर्ण तारीख मानी जाती है। इस दिन समाज सुधारक, शिक्षाविद् और कवयित्री सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि के रूप में मनाया जाता है। फुले का जन्म 3 जनवरी, 1831 को वर्तमान महाराष्ट्र में स्थित नायगांव में हुआ था। सावित्रीबाई फुले भारत की पहली महिला शिक्षिका थीं, जिन्होंने भारत और विशेषकर महाराष्ट्र में समाज सुधार आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाई।

भावना पांडे ने कहा- सावित्रीबाई फुले ने अपने पति ज्योतिराव फुले के साथ महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समाज में व्याप्त कई सामाजिक बुराइयों जैसे छुआछूत और बाल विवाह के खिलाफ भी आवाज उठाई। उनके द्वारा किये गये महान कार्यों को देश कभी भुला नहीं पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *