नफरत की सियासत को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाज सेवी भावना पांडे ने प्रदेश की सत्ताधारी भाजपा सरकार के विरुद्ध हुंकार भरते हुए कहा कि बीजेपी उत्तराखंड में घृणा व नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है। भाजपा आज लोगों को धर्म के नाम पर बाँट रही है, यह सब देवभूमि में स्वीकार्य नहीं है। राज्य की जनता बीजेपी के इस खेल को समझ चुकी है, ऐसी नफरत की सियासत को प्रदेश में अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भावना पांडे ने प्रदेश के हालातों का ज़िक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड की कानून व्यवस्था में निरंतर गिरावट हो रही है। भाजपा के कार्यकाल में अपराध बढ़ रहे हैं और जनता दुःखी है। बढ़ती हुई महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, भ्रष्टाचार, अनाचार, निरंतर बढ़ता पलायन, असंतुलित विकास और कानून-व्यवस्था की ध्वस्त होती हुई स्थिति से लोग परेशान हैं। ऐसे ज्वलंत विषयों से जनता का ध्यान भटकाने के उद्देश्य से भाजपा धर्म की राजनीति कर रही है।

भावना पांडे ने कहा, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध उत्तराखंड की जनता का आक्रोश प्रदेश में बड़े बदलाव का आगाज है। उत्तराखंड में परिवर्तन को लेकर जनसैलाब सड़कों पर देखने को मिल रहा है। प्रदेश की जागरूक जनता ने ये ठान लिया है कि अब वो भाजपा की जनविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़कर ही दम लेगी। अब अन्याय के विरुद्ध इस लड़ाई में जीत न्याय की ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *