बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाये सरकार : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी और रसोई गैस के सिलेंडर की किल्लत को लेकर रोष प्रकट किया है। उन्होंने इसके लिए बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भावना पांडे ने कहा, आम आदमी की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। देशभर में रसोई गैस को लेकर हाहाकार मचा है, जनता परेशान है, कीमतें बढ़ रही हैं और मंहगाई दर में तेजी से इज़ाफ़ा हो रहा है। आम आदमी की रसोई पर ईरान, अमेरिका इजराइल युद्ध का बम फूटा है। स्थिति अब सरकार के नियंत्रण से बाहर होती प्रतीत हो रही है किंतु सरकार सब कुछ ठीक होने का दावा कर रही है। वहीं माफियाओं द्वारा धड़ल्ले से गैस सिलेंडर की कालाबाज़ारी की जा रही है। माफियाओं द्वारा सिलेंडर स्टॉक कर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं, ये माफिया आपदा में अवसर तलाश रहे हैं। चारों तरफ त्राहिमाम मचा हुआ है, वहीं सरकार मौन है।

भावना पांडे ने कहा कि रसोई गैस की किल्लत के चलते जनता के बीच गैस सिलेंडर को लेकर मारामारी मची हुई है। लोगों को आसानी से रसोई गैस के सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए भावना पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लगातार रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने से आम जनता, विशेषकर महिलाओं पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर महिलाओं की रसोई पर सीधा हमला किया जा रहा है।

भावना पांडे ने कहा कि महंगाई के कारण आज आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है, गरीब तथा मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाये जाएं और रसोई गैस के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं। वहीं आम जनता को आसानी से रसोई गैस उपलब्ध करवाने के पुख्ता इन्तज़ाम किये जाएं, जिससे आम जनता राहत की सांस ले सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *