उत्तराखंड में महिलाओं के विरुद्ध तेजी से बढ़ रहे हैं अपराध

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं जनसेवी भावना पांडे ने उत्तराखंड के मौजूदा हालातों पर अफ़सोस व्यक्त करते हुए कहा कि हम उत्तराखंड वासियों के लिए ये बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि राज्य गठन के इतने वर्षों बात भी हम विकास की बाट जोह रहे हैं।

भावना पांडे ने कहा, आज भी प्रदेश की जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। राज्य की जनता को सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी जरूरी सुविधाओं की आवश्यकता है किंतु भाजपा सरकार धर्म के नाम पर लोगों को बाँटकर मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है।

भावना पांडे ने कहा, उत्तराखंड की जनता आज बुरी तरह से त्रस्त है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। राज्य में महिलाओं के विरुद्ध अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, चरमराई कानून व्यवस्था के साथ ही भर्ती घोटालों से प्रदेश के युवा दुखी हैं। लेकिन सरकार अपनी खोखली उपलब्धियों को गिनवाने में व्यस्त है।

भावना पांडे ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आज बुरे दौर से गुज़र रहा है। प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि आज दिनदहाड़े प्रदेश में गंभीर अपराध हो रहे हैं और खुलेआम लोगों की हत्याएं हो रही हैं। प्रदेश की जनता दहशत के साये में जीने को विवश है।

भावना पांडे ने भाजपा सरकार की गलत नीतियों के विरुद्ध हुंकार भरते हुए कहा, बस बहुत हुआ जनता अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती। प्रदेश की जनता बढ़ते अपराधों और भाजपा सरकार से अब निजात पाना चाहते हैं, इसलिए 2027 के विधानसभा चुनाव में जागरूक जनता उत्तराखंड में बड़ा परिवर्तन करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *