बढ़ते अपराधों को रोक पाने में फेल साबित हुई है भाजपा सरकार : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं इन अपराधों को रोक पाने में प्रदेश की भाजपा सरकार व पुलिस प्रशासन पूरी तरह से फेल साबित हो रहे हैं। ये कहना है उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे का।

उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने प्रदेश की बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड में आखिर ये हो क्या रहा है? प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश की राजधानी में ही लोग सुरक्षित नहीं हैं तो अन्य क्षेत्रों के हालातों का खुद ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

भावना पांडे ने चरमराई कानून व्यवस्था पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि जनपद देहरादून में अगल-अलग क्षेत्रों में हुई तीन युवतियों की हत्याओं को अभी कुछ समय ही बीता था कि आज सुबह देहरादून के व्यस्ततम इलाके तिब्बती मार्केट में खुलेआम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यहीं नहीं घटना को अंजाम देकर हत्यारे आसानी से फरार भी हो गये।

भावना पांडे ने सवाल पूछते हुए कहा कि पुलिस मुख्यालय से चंद कदमों की दूरी पर ही युवक की हत्या हो जाती है और पुलिस कुछ नहीं कर पाती। हर चौराहे पर पुलिस की मौजूदगी और सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद हत्यारे भागने में कामयाब हो गए। ये पुलिस की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाये रखने में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों व ड्यूटी में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

भावना पांडे ने कहा, सत्ताधारी बीजेपी सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड में तेजी से अपराध बढ़ रहे हैं। यहाँ प्रदेश का नहीं माफियाओं और अपराधियों का विकास हो रहा है। प्रदेश की जनता भाजपा के राज से तंग आ चुकी है, लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वहीं भाजपा सरकार प्रदेश में कानून और शांति व्यवस्था बनाये रखने में असफल साबित हुई है। यही वजह है कि जनता अब इस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *